क्लियरट्रिप ने शुरू की ट्रेन टिकटों की बुकिंग, आईआरसीटीसी के साथ मिलकर मल्टी-मॉडल प्लेटफॉर्म को किया मजबूत

फ्लिपकार्ट ग्रुप की ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी और भारत के सबसे तेज़ी से बढ़ते ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स में से एक, क्लियरट्रिप ने आज इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) के साथ साझेदारी में ट्रेन टिकट बुकिंग सेवा शुरू करने की घोषणा की है। आईआरसीटीसी भारतीय रेलवे की आधिकारिक टिकटिंग एजेंसी है।

आईआरसीटीसी के मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर का लाभ उठाते हुए, इस साझेदारी के जरिए बड़े पैमाने पर भरोसेमंद सेवा और एक आसान, यूजर-फ्रेंडली अनुभव देने का लक्ष्य रखा गया है। अब यूजर्स ऐप के भीतर ही ट्रेन टिकट आसानी से सर्च, बुक और मैनेज कर सकेंगे। यह कदम कंपनी को एक यूनिफाइड मल्टी-मॉडल ट्रैवल प्लेटफॉर्म बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

इस नई सुविधा के तहत यात्री देशभर के विभिन्न रूट्स पर जनरल और तत्काल कोटा के तहत टिकट बुक कर सकेंगे, जो रेलवे मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार होंगे। इसके साथ ही रियल-टाइम सीट उपलब्धता, किराये की जानकारी, पीएनआर स्टेटस ट्रैकिंग, बर्थ चयन और सुरक्षित डिजिटल पेमेंट जैसी सुविधाएं भी एक ही सहज इंटरफेस पर मिलेंगी।

क्लियरट्रिप की चीफ ग्रोथ एंड बिजनेस ऑफिसर मंजरी सिंघल ने कहा, “भारत में ट्रेन यात्रा मोबिलिटी सिस्टम का एक अहम हिस्सा है। यह लॉन्च हमारे एक यूनिफाइड मल्टी-मॉडल ट्रैवल प्लेटफॉर्म बनने के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आईआरसीटीसी के साथ इस साझेदारी के जरिए हमारा लक्ष्य बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाना और लाखों यात्रियों के लिए इसे अधिक सुलभ करना है।”

वहीं, क्लियरट्रिप के चीफ बिजनेस ऑफिसर (एयर) गौरव पटवारी ने कहा, “हर साल 80 करोड़ से अधिक आरक्षित यात्री ट्रेन से सफर करते हैं। यह केवल बड़े पैमाने का अवसर नहीं है, बल्कि एक अलग और खास अनुभव देने का मौका है। प्लेटफॉर्म में आसान बुकिंग, प्रेडिक्टिव इंटेलिजेंस और पर्सनलाइजेशन को गहराई से समाहित करते हुए हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर चरण, डिस्कवरी से लेकर पोस्ट-बुकिंग सपोर्ट तक, तेज़, भरोसेमंद और तनावमुक्त हो।”

भारत का रेल नेटवर्क दुनिया के सबसे जटिल परिवहन तंत्रों में से एक है, जहां रोज़ाना करीब 2.3 करोड़ यात्री सफर करते हैं और सालाना यह संख्या 700 करोड़ तक पहुंचती है, जो इसे दुनिया के सबसे बड़े परिवहन तंत्रों में से एक बनाता है। क्लियरट्रिप इस बड़े अवसर का लाभ उठाते हुए अपने प्लेटफॉर्म को और मजबूत करना चाहती है। कंपनी जल्द ही इस सुविधा को अपनी वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराने की योजना बना रही है, ताकि यूजर्स को हर प्लेटफॉर्म पर एक जैसा सहज अनुभव मिल सके।

By Business Bureau