मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का एक दिवसीय उत्तर बंगाल दौरा आज, ‘उत्तरकन्या’ में करेंगे उच्च स्तरीय बैठक और पीड़ितों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी आज, शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर उत्तर बंगाल आ रहे हैं। उनके कोलकाता से विमान द्वारा बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचने का कार्यक्रम है। राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों से भरे मुख्यमंत्री के इस व्यस्त दौरे को लेकर सिलीगुड़ी और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है।बागडोगरा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सीधे उत्तर बंगाल के राज्य सचिवालय ‘उत्तरकन्या’ जाएंगे। वहाँ वे उत्तर बंगाल की समग्र स्थिति और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे।

इस बैठक में उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे, जहाँ मानसून के दौरान आपदा से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा।प्रशासनिक बैठक के अलावा मुख्यमंत्री का एक विशेष मानवीय कार्यक्रम भी है। हाल ही में मयनागुड़ी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के पीड़ितों के परिवारों की मदद के लिए मुख्यमंत्री आगे आए हैं। वे उत्तरकन्या से ही इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों और घायलों को आर्थिक मुआवजे का चेक तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र (जॉब लेटर) सौंपेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी जाएंगे, जहाँ प्रसिद्ध जल्पेश मंदिर में उनके पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम है। इस वीआईपी दौरे को ध्यान में रखते हुए उत्तरकन्या और पूरे सिलीगुड़ी शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इन कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद आज ही मुख्यमंत्री का वापस कोलकाता लौटने का कार्यक्रम है।

By Sonakshi Sarkar