महिला सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच, छात्राओं को आत्मरक्षा में आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने एक विशेष पहल की है। आगामी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक सिलीगुड़ी के सालबाड़ी स्थित वनवासी कल्याण आश्रम में ABVP उत्तर बंगाल प्रांत द्वारा ‘मिशन साहसी’ प्रशिक्षक प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण के माध्यम से स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय की छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीके सिखाए जाएंगे। गुरुवार को ABVP उत्तर बंगाल प्रांत कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान इस कार्यक्रम की जानकारी दी गई। ABVP के अनुसार, ‘मिशन साहसी’ का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाना और किसी भी विपरीत परिस्थिति में अपनी सुरक्षा करने का आत्मविश्वास देना है। इस प्रशिक्षण शिविर में उत्तर बंगाल के 12 संगठनात्मक जिलों की छात्राएं भाग लेंगी।
इस प्रशिक्षण की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें दैनिक जीवन में काम आने वाली साधारण चीजों—जैसे दुपट्टा, हेयर पिन और पेन का इस्तेमाल करके खुद का बचाव करना सिखाया जाएगा। यहां प्रशिक्षण लेने वाली छात्राएं बाद में अपने-अपने जिलों में जाकर अन्य छात्राओं को भी प्रशिक्षित करेंगी।
