पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए BJP की दूसरी लिस्ट जारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में 111 कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया है। भाजपा ने माथाभांगा से निसिथ प्रमाणिक को टिकट दिया है, जबकि चोपड़ा से शंकर अधिकारी, बैरकपुर से कौस्तव बागची, कमरहाटी से अरूप चौधरी, हिंगलगंज से रेखा पात्रा, सोनारपुर दक्षिण से रूपा गांगुली, एंटली से प्रियंका टिबरेवाल, मानिकतला से तापस रॉय चुनाव लड़ेंगे।

प्रेस रिलीज में भाजपा ने कहा है कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक नितिन नवीन की अध्यक्षता में कल संपन्न हुई थी। इसमें पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह समेत अन्य नेता मौजूद रहे। इस बैठक में बंगाल चुनाव के लिए नामों की स्वीकृति दी गई है। लिस्ट के अनुसार, मेक्लिगंज से दधिराम रॉय, मदारीहाट से लक्ष्मण लिम्बु, धुपगुड़ी से नरेश चंद्र रॉय, मयनागुड़ी से कौशिक रॉय, जलपाईगुड़ी से अनंत देब अधिकारी, कलिम्पॉंग से भरत छेत्री को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, दार्जिलिंग से नोमन रॉय मैदान में होंगे।

पार्टी ने सोनम लामा को कर्सियांग, सबिता बर्मन को इटाहार, रतन दास को हरिशचंद्रपुर, राजू कर्माकर को बैष्णवनगर, सुनील चौधरी को फरक्का, षष्ठी चरण घोष को समसेरगंज से उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा, रानीनगर से राणा प्रताप सिंह रॉय, नबग्राम से दिलीप साहा को टिकट दिया गया है। इसके अलावा, रामपुरहाट से ध्रुब साहा, मुराराई से रिंकी घोष, लाबपुर से देबाशीष ओझा को टिकट दिया गया है। पार्टी ने पहली सूची से भी एक उम्मीदवार को बदला है। बिष्णुपुर से अब विस्वजीत खान मैदान में होंगे। वहीं, जॉयपुर से बिस्वजीत महतो भाजपा समर्थित उम्मीदवार होंगे।

इससे पहले, सोमवार को भाजपा ने 144 उम्मीदवारों वाली पहली सूची जारी की थी। इस लिस्ट में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी को पार्टी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से मैदान में उतारा था। भवानीपुर से वह ममता बनर्जी के सामने मैदान में होंगे। इससे पहले, 2021 में, अधिकारी ने पूर्वी मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया था। नंदीग्राम वही जगह है, जहां जमीन अधिग्रहण के विरोध में चले आंदोलन ने डेढ़ दशक से भी पहले टीएमसी को सत्ता में लाने में अहम भूमिका निभाई थी। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी।

By Arbind Manjhi