पश्चिम बंगाल में कल होने वाले मतदान को लेकर बैरकपुर प्रशासनिक भवन में युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए तैनात किए गए चुनाव कर्मी अपने निर्धारित काउंटरों पर पहुँच रहे हैं और ईवीएम (EVM) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज व चुनावी सामग्री प्राप्त कर रहे हैं।पिछली अव्यवस्था से लिया सबक:गौरतलब है कि पिछले चुनाव के दौरान सामग्री वितरण के समय भारी अव्यवस्था और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई थी, जिससे मतदान कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। उस कड़वे अनुभव को देखते हुए इस बार प्रशासन ने विशेष सावधानी बरती है।
कतारों के प्रबंधन से लेकर सामग्री हस्तांतरण तक की प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित और डिजिटल बनाया गया है।सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट कर्मी:इस बार मतदान कर्मियों के बीच एक अलग उत्साह और सुरक्षा का भाव देखा जा रहा है। कई कर्मियों ने बातचीत के दौरान बताया कि चुनाव आयोग द्वारा इस बार किए गए सुरक्षा इंतजाम और सुविधाओं ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूती दी है। वे अब खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और निर्भीक होकर चुनावी ड्यूटी निभाने के लिए तैयार हैं।प्रशासनिक मुस्तैदी:बैरकपुर प्रशासनिक भवन के चूँकि यह एक प्रमुख डीसीआरसी (DCRC) केंद्र है, यहाँ भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।
मतदान सामग्री लेने के बाद सभी कर्मी विशेष वाहनों के जरिए अपने-अपने आवंटित बूथों के लिए रवाना हो रहे हैं। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी खुद पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं ताकि मतदान से पहले कोई भी बाधा उत्पन्न न हो।कल सुबह जैसे ही सूरज की पहली किरण निकलेगी, बैरकपुर की जनता के साथ ये मतदान कर्मी लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में जुट जाएंगे।
