आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया (एएम/एनएस इंडिया) ने समुद्री इंजीनियरिंग परियोजनाओं में इस्तेमाल होने वाले सबसे अधिक मजबूती वाले वेल्डेड पाइप (ईक्यू70 ग्रेड) बनाकर अपनी विश्व स्तरीय निर्माण क्षमताओं का प्रदर्शन किया है। कंपनी ऐसा करने वाली दुनिया की पहली स्टील कंपनी बन गई है और इसे अमेरिकन ब्यूरो ऑफ शिपिंग (एबीएस) से प्रमाण पत्र भी मिल गया है। एबीएस एक प्रमुख समुद्री वर्गीकरण संस्था है, जो वैश्विक स्तर पर मान्य मानकों के साथ सुरक्षा और मजबूती के पैमानों की स्वतंत्र रूप से जांच और पुष्टि करती है।
समुद्री इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड बनाने के साथ-साथ, आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया का यह प्रयास ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ अभियानों को मजबूत सहारा देता है। इसके जरिए देश में ही सबसे ऊंचे दर्जे की मजबूती वाले वेल्डेड पाइप मिलने लगेंगे। इससे उन बिना जोड़ वाले पाइपों की जगह देश में बने पाइप इस्तेमाल हो सकेंगे, जिन्हें अभी तक यूरोप से आयात किया जाता है। इन पाइपों का उपयोग तेल और गैस प्लेटफॉर्म, समुद्र में लगने वाली पवन ऊर्जा संरचनाओं और गहरे पानी की पाइपलाइनों जैसे बेहद जरूरी कामों में होता है। इन बेहतरीन वेल्डेड पाइपों की वजह से भारत के ऑफशोर और इंजीनियरिंग क्षेत्रों के ग्राहकों को समय पर सामान मिलने की सुरक्षा होगी, डिलीवरी का समय कम होगा और लागत में कमी आएगी। साथ ही देश और दुनिया के बाजारों में उनकी प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता बढ़ेगी।
कंपनी की यह नई कामयाबी स्टील बनाने में लगातार नए प्रयोग करने की उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है, जिसे इसकी मूल कंपनियों ‘आर्सेलरमित्तल’ और ‘निप्पॉन स्टील’ की मजबूत तकनीकी विशेषज्ञता, रिसर्च एंड डेवलपमेंट क्षमताओं और वैश्विक तौर-तरीकों का पूरा साथ मिला है। कंपनी के मुख्य ध्येय – ‘स्मार्टर स्टील्स, ब्राइटर फ्यूचर्स’ के अनुरूप, यह उपलब्धि बेहद खास और कड़े नियमों वाले वैश्विक उपयोगों की जरूरतें पूरी करते हुए एक मजबूत घरेलू स्टील इकोसिस्टम बनाने में आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया की भूमिका को रेखांकित करता है।
