पूजा कार्निवाल के दौरान बेकाबू बैल ने मचाया हंगामा, भगदड़ में एक की मौत

121

उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में कल रात पूजा कार्निवाल के दौरान विसर्जन के लिए मूर्ति ले जा रहे बैलगाड़ी में बंधा एक बैल अचानक बेकाबू होकर आम लोगों पर हमला कर दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि घटना के बाद मची भगदड़ में 30 लोग घायल हो गए। घायलों को रायगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ले जाया गया। बताया जाता है घायलों में अधिकांश लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया, जबकि तीन का अभी भी रायगंज मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

घायलों में रायगंज के भारत सेवक समाज क्लब के अध्यक्ष साठ वर्षीय साधना कर्मकार की इलाज के दौरान मौत हो गयी। दूसरी ओर  उत्तर दिनाजपुर के जिलाधिकारी ने घायलों की संख्या आठ बतायी है। गौरतलब है राज्य के अन्य जिलों की तरह शुक्रवार को  उत्तर दिनाजपुर जिले में भी दुर्गा पूजा कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा था। उस कार्निवाल में रायगंज के अनुशीलनि  नामक एक क्लब  देवी दुर्गा की मूर्तियों को तीन बैलगाड़ियों में विसर्जन के लिए ले जा रहा था। कार्निवाल के दौरान बैलगाड़ी में लगा एक बैल अचानक बेकाबू होकर लोगों पर हमला कर दिया। बैल के बेकाबू होने के बाद वहां भगदड़ मच गयी। भगदड़ और अफरातफरी में कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों व पुलिस प्रशासन की मदद से घायलों को असपताल पहुंचाया गया।  घायलों में  रायगंज के भारत सेवक समाज क्लब के अध्यक्ष को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनकी हालत अधिक  बिगड़ने पर उन्हें सीसीयू में रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार मीणा और रायगंज पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सना अखतराव कल रात में मेडिकल कॉलेज पहुंचे। रायगंज नगर पालिका के प्रशासक संदीप विश्वास भी घटना के बाद अस्पताल गए।