सिलीगुड़ी के सेवोक रोड स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट इलाके में सोमवार सुबह एक प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग जाने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच लगी इस आग में फैक्ट्री के भीतर रखा करोड़ों रुपये का प्लास्टिक का सामान और कच्चा माल (प्लास्टिक दाना) जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और भक्तिनगर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचीं। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और रसायन जैसे ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा इलाका काले धुएं से ढक गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वाकार रजा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
