जंतर मंतर पर भड़काऊ नारेबाजी के मामले में दिल्ली BJP के पूर्व प्रवक्ता समेत 6 गिरफ्तार

192

देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारत छोड़ो आंदोलन (Quit India Movement) की सालगिरह पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था| आरोप लगे हैं कि कार्यक्रम के दौरान विवादित नारेबाजी की गई और भड़काऊ भाषण दिए गए| इस मामले में अब कार्यक्रम के आयोजक अश्विनी उपाध्याय समेत 6 को दिल्‍ली पुलिस ने हिरासत में लिया है| DCP दीपक यादव के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के सीनियर वकील अश्वनी उपाध्याय समेत 5 लोगों को दिल्ली पुलिस कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है| जानकारी के अनुसार, इन सभी से चाणक्‍यपुरी थाने में पूछताछ की जा रही है|

जानकारी के अनुसार, मुस्लिम विरोधी भाषण मामले में भाजपा नेता अश्विनी उपाध्‍याय के अलावा जिन 5 अन्‍य लोगों को हिरासत में लिया गया है उनमें दीपक सिंह, विनोद शर्मा, दीपक, विनीत क्रांति और प्रीत सिंह शामिल हैं| मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान ने भी बीते सोमवार को अश्विनी उपाध्याय के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है| अश्विनी उपाध्याय रात 3 बजे के करीब कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन पहुंचे| उन्होंने कहा है कि नारे लगाने वालों को नहीं जानता हूं| वीडियो की जांच की जाए और सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो|

दरअसल जंतर-मंतर पर रविवार को भारत जोड़ो आंदोलन द्वारा आयोजित प्रदर्शन में सैकड़ों लोग शामिल हुए थे। यह प्रदर्शन पूर्व भाजपा प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ था। अश्विनी उपाध्याय ने भी नारेबाजी की घटना में किसी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। उन्होंने कहा, ‘मैंने वायरल हो रहे वीडियो की जांच के लिये दिल्ली पुलिस को एक शिकायत दी है। अगर वीडियो प्रमाणिक है तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’

उपाध्याय ने कहा, ‘मुझे कोई जानकारी नहीं है कि वे कौन हैं। मैंने उन्हें पहले कभी नहीं देखा, कभी उनसे मिला नहीं हूं और न ही उन्हें वहां बुलाया था। जब तक मैं वहां था, वे वहां नहीं दिखे। अगर वीडियो फर्जी है, तो भारत जोड़ो आंदोलन को बदनाम करने के लिये झूठा प्रचार किया जा रहा है।’ वीडियो में एक समूह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ नारेबाजी करते हुए नजर आ रहा है।