10 चौके, 7 छक्के और 161.84 की स्ट्राइक रेट, रॉकी फ्लिंटॉफ ने ठोका तूफानी शतक

इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर Andrew Flintoff किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। अपने शानदार खेल से उन्होंने दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों के बीच खास पहचान बनाई। भले ही फ्लिंटॉफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं, लेकिन अब उनके 18 वर्षीय बेटे रॉकी फ्लिंटॉफ अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए क्रिकेट जगत में धमाल मचा रहे हैं।

वन-डे कप 2026 में 11 अगस्त को लंकाशायर और समरसेट के बीच टांटन में रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रॉकी फ्लिंटॉफ ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 76 गेंदों में 161.84 की स्ट्राइक रेट से 123 रन जड़ दिए। उनकी इस शानदार पारी में 10 चौके और 7 बेहतरीन छक्के शामिल रहे।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लंकाशायर की टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 443 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से पारी की शुरुआत करने वाले कीटन जेनिंग्स सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने 127 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 156 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। इसके बाद रॉकी फ्लिंटॉफ ने 123 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत आधार दिया। इनके अलावा मैट्टी हर्स्ट ने 44 गेंदों में 47 रन, जबकि जैक ब्लैथरविक ने महज 10 गेंदों में नाबाद 32 रनों की तेजतर्रार पारी खेली।

444 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी समरसेट की टीम लंकाशायर के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। पूरी टीम 39.2 ओवर में 269 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। समरसेट की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए टॉम लैमनबी ने 58 गेंदों में 68 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। वहीं, जोशुआ थॉमस ने 24 गेंदों में 42 रन और जोश शॉ ने 20 गेंदों में 34 रन बनाए।

हालांकि, इन पारियों के बावजूद समरसेट लक्ष्य से काफी दूर रह गया और उसे 134 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा। लंकाशायर की इस शानदार जीत में रॉकी फ्लिंटॉफ की तूफानी शतकीय पारी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

By sunny