पंचायत चुनाव से पहले सुभाषिनी चाय बागान निवासियों को मुख्यमंत्री ने भेंट किये कई उपहार

86

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पंचायत चुनाव से पहले चाय बागान वोट बैंक का लक्ष्य साधते हुए गुरुवार को सुभाषिनी चाय बागान निवासियों को कई उपहार प्रदान किये। मुख्यमंत्री ने सरकारी कार्यक्रम के जरिए चाय बागान श्रमिकों के लिए कई योजनाओं और सेवाओं का उद्घाटन किया और चाय बागान की भविष्य निधि को लेकर आंदोलन पर उतरने की बात की। मुख्यमंत्री गुरुवार को कालचीनी प्रखंड के सुभाषिनी चाय बागान मैदान में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में शामिल हुई। इस आयोजन से मुख्यमंत्री ने अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी इन तीन जिलों में 138 परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चाय सुंदरी परियोजना का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस दिन 1127 चाय श्रमिकों को चाय सुंदरी परियोजना के मकान दिए जाएंगे, इसके अलावा आगे और भी कई श्रमिकों को चाय सुंदरी परियोजना के आवास की चाबियां दी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चाय बागान श्रमिकों को भविष्य निधि को लेकर आंदोलन करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने बार-बार केंद्र सरकार पर राज्य का पैसा रोके रखने को लेकर नाराजगी जाहिर की है।