हाथी पर योगा अभ्यास करते समय गिरे योग गुरु रामदेव

145

मथुरा के एक आश्रम में हाथी पर बैठकर योग सिखाते समय योग गुरु बाबा रामदेव बैलेंस बिगड़ने से गिर पड़े। इससे आश्रम में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्हें कोई चोटें नहीं आईं और वे सामान्य हैं। घटना का वीडियो वायरल होने से लोगों और समर्थकों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

बता दें कि सोमवार को योग गुरु रामदेव ने महावन रमणरेती स्थित कार्ष्णि गुरु शरणानंद महाराज के आश्रम में संतों को योग सिखाया था। मंच पर गुरु शरणानंद महाराज ने भी योग किया था।

इस दौरान एक हाथी पर भी बाबा रामदेव ने योग के आसन किए थे। उनका एक वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ है। जो करीब 22 सेकेंड का है। जिसमें बाबा हाथी के ऊपर बैठकर योग का आसन कर रहे हैं। अचानक हाथी हिलता है और बाबा का संतुलन बिगड़ जाता है और वे हाथी से नीचे गिर जाते हैं।

विगत सोमवार को बाबा रामदेव ने आसनों से होने वाले लाभों के बारे में संतों को जानकारी दी थी। उन्होंने अनुलोम-विलोम व अन्य योग बताए थे।

बाबा ने कहा कि योग करने से कठिन से कठिन रोग भी गायब हो जाते हैं। लोगों को प्रात: एवं शाम को योग करना चाहिए। शरणानंद महाराज ने कहा कि भारत में प्राचीन काल से लोग योग करते आए हैं।