राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा फिर शुरू हुई , धौलपुर में किया रोड शो

48

धौलपुर से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को फिर से शुरू हुई। पांच दिन के अंतराल के बाद भारत जोडो न्याय यात्रा में राहुल गांधी ने रोड शो किया। इसके बाद चंबल नदी तट पर यात्रा ने मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की सीमा में प्रवेश किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़ प्रबंध किए गए थे।

राहुल गांधी शनिवार दोपहर हेलीकाप्टर से धौलपुर की रिजर्व पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपेड पर उतरे। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा प्रदेश महामंत्री एवं राजाखेड़ा के विधायक रोहित बौहरा सहित अन्य ने उनकी आगवानी की। पुलिस लाइन से राहुल गांधी का काफिला आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे स्थित राजाखेडा बाईपास पंहुचा। यहां से कड़ी सुरक्षा में भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक बार फिर से शुरू हुई। न्याय यात्रा में ही रोड शो में लाल रंग की खुली जीप में सवार कांग्रेस नेता राहुल के साथ में अन्य कांग्रेसी नेता सवार थे। इस दौरान न्याय यात्रा एवं राहुल गांधी के रोड शो का शहर में कई स्थानों पर कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया।

रोड शो के दौरान राहुल गांधी ने हाथ हिलाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा आमजन का अभिनंदन किया। राहुल की यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, प्रदेश प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, सह प्रभारी अमृता धवन, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित राजस्थान एवं मध्य प्रदेश के कई कांग्रेसी नेता तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।