मंदिरों में मूर्तियां तोड़े जाने से गुस्साए लोगों ने स्टेट हाइवे को किया जाम

70

देर रात इस्लामपुर शहर के कई मंदिरों में अज्ञात बदमाशों द्वारा मूर्तियां तोड़े जाने की घटना से पूरे शहर में कोहराम मच गया है। आए दिन हुई इस तरह की घटना से क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है। मंदिर प्रवर्तकों ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने दोषियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का समय मांगा है। बताया जाता है कि इस्लामपुर शहर के शिवडांगी मोहल्ले में बुधवार की देर रात एक मंदिर का ताला तोड़ कथित रूप से काली की मूर्ति को तोड़ा गया। वहीं, आरोप है कि इस्लामपुर शहर के मिलनपल्ली इलाके के अष्टप्रहर कीर्तन स्थल में राधाकृष्ण की प्रतिमा को खंडित किया गया है। शहर के इन दोनों मंदिरों की मूर्तियों को तोड़े जाने की घटना की जानकारी फैलते ही लोगों की भीड़ उन इलाकों में जुटनी शुरू हो गयी। खंडित प्रतिमा देखकर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

असली दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों ने शिवडांगी पाड़ा और मिलनपल्ली इलाकों में स्टेट हाइवे को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने जाम हटाया। हालांकि 24 घंटे के भीतर असली दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो मंदिर समिति ने बड़े आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इसके अलावा मंदिर समिति ने शिकायत की कि शहर में इतने सारे सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे उन्हें क्यों तोड़ा गया है। कुल मिलाकर प्रतिमा खंडित होने की घटना से शहर में काफी तनाव का माहौल है।