कूचबिहार: बढ़ती हिंसा पर एसपी ने संभाला मोर्चा, कहा सोशल मीडिया के जरिये अफवाहें फैलाने का हो रहा प्रयास, सख्ती से निपट रही पुलिस , 34 गिरफ्तार

97

 विधानसभा चुनाव के नतीजों घोषित होने के बाद से पूरे राज्य में राजनीतिक संघर्ष जारी है।  चुनाव बाद कूचबिहार जिले में अब तक सौ से अधिक घरों में तोड़फोड़ व लूटपाट की गई। कई लोग राजनीतिक हिंसा की  भेंट चढ़ गए। कई लोग घायल अवस्था में  अस्पताल में इलाजरत हैं। कूचबिहार के एसपी देबाशीष धर ने लोगों को पुलिस प्रशासन पर भरोसा रखने के साथ ही उनसे  नहीं घबराएं की अपील की। बुधवार को  संवाददाता सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिये फर्जी समाचारों को लोगों में फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. इस वजह से आम लोगों में दहशत बढ़ रही है। उन्होंने कहा ऐसे लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। इन सही को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी करवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा इस तरह की गतिविधियों में जुड़े रहने के आरोप में अब तक 34 लोग गिरफ्तार किये जा चुके हैं।  कूचबिहार के तुफानगंज नंबर -1 ब्लॉक के चीलाखाना दासपारा क्षेत्र में एक तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।  दिनहाटा मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।  हालाँकि शीतलाकूची हत्याकांड में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। एसपी ने कहा कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक थाने को 3 से 4 सेक्टर में विभाजित किया गया है। इलाके में शांति बहाली के लिए बीडीओ, जिले के विभिन्न ब्लॉकों के ओसी और संबंधित क्षेत्रों के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया है। अब तक जिले में 6 कंपनी केंद्रीय बल तैनात किये गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शीतलकूची, तूफानगंज , दिनहाटा, माथाभांगा और कूचबिहार  1 नंबर ब्लॉक के विभिन्न इलाकों में पुलिस और केंद्रीय बलों का रूट मार्च चल रहा है। साथ ही उन्होंने कहा इतनी अधिक संख्या में हिंसा की सूचना की खबर आ रही है कि तत्काल मौके पर पहुंचना संभव नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा बाहर से पुलिस बल लाने पर विचार किया जा रहा है।इसके साथ ही  उन्होंने  किसी भी अफवाह पर ध्यान दिए बगैर अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।