केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता दी जाती है। योजना की 24वीं किस्त को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, पिछली किस्तों के जारी होने के ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि सरकार सितंबर या अक्टूबर में किसानों के खातों में 24वीं किस्त की राशि भेज सकती है।
वहीं, देश में अभी भी बड़ी संख्या में किसान पीएम किसान योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। ऐसे किसान अगर समय रहते योजना के लिए आवेदन कर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर लेते हैं, तो आगामी किस्त का लाभ लेने के पात्र हो सकते हैं। आइए जानते हैं कि नए किसान योजना में कैसे रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
सरकार ने 2026 में पीएम किसान योजना के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को पहले के मुकाबले अधिक आसान और डिजिटल बनाया है। अब योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को Farmer ID यानी फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के साथ e-KYC की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी। इससे किसानों के रजिस्ट्रेशन और सत्यापन की प्रक्रिया आसान होगी।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें: किसान घर बैठे पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर New Farmer Registration विकल्प चुन सकते हैं और आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
CSC या वसुधा केंद्र से रजिस्ट्रेशन: किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या वसुधा केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक के जरिए भी पीएम किसान योजना के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
पीएम किसान योजना का लाभ उन्हीं किसान परिवारों को मिलता है, जिनके नाम पर सरकारी रिकॉर्ड में खेती योग्य जमीन दर्ज है। किसान परिवार में पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों को शामिल माना जाता है। ऐसे में योजना का लाभ लेने के लिए किसान के नाम पर जमीन का रिकॉर्ड होना जरूरी है।
