सिलीगुड़ी में हथियार बरामद: कलिम्पोंग का युवक गिरफ्तार, जंक्शन इलाके में होनी थी डिलीवरी

सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध आग्नेयास्त्र और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सोमवार रात चम्पासारी मोड़ के पास स्टेट गेस्ट हाउस के समीप हुई।पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक का नाम मोहम्मद फिरोज उर्फ राज है, जो मूल रूप से कलिम्पोंग का रहने वाला है।

बताया जा रहा है कि आरोपी चेकपोस्ट इलाके से सिलीगुड़ी जंक्शन की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।पुलिस की प्राथमिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मोहम्मद फिरोज यह हथियार सिलीगुड़ी जंक्शन इलाके में किसी को डिलिवरी देने जा रहा था। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि : यह हथियार उसे कहां से प्राप्त हुआ?

जंक्शन इलाके में वह यह हथियार किसे सौंपने वाला था?क्या वह किसी बड़े अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का हिस्सा है ? आरोपी को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच करने और मुख्य खरीदार तक पहुंचने के लिए आरोपी को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शहर के बीचों-बीच हथियार की बरामदगी से सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ गई है।

By Sonakshi Sarkar