टाला इलाके में ब्रिटिशकालीन 72 इंच की विशाल भूमिगत जल पाइपलाइन फटने से उत्पन्न हुआ गंभीर संकट मंगलवार को दूसरे दिन भी बना रहा। पाइपलाइन से निकले लाखों लीटर पानी के कारण पूरा इलाका जलमग्न हो चुका है, जिससे कोलकाता और इसके आसपास के विशाल हिस्से में पेयजलापूर्ति ठप पड़ गई है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन की जटिल मरम्मत और प्रभावित क्षेत्र से पानी निकालने के बाद जलापूर्ति तथा बिजली व्यवस्था को पूरी तरह से सामान्य होने में कम से कम 48 घंटे का समय और लगेगा, जिससे लाखों निवासियों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
सोमवार सुबह हुई इस घटना के बाद कोलकाता नगर निगम की आयुक्त स्मिता पांडे ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। चूंकि दुर्घटनास्थल का बड़ा हिस्सा रेलवे के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए जमा पानी की निकासी और ट्रैक को सुखाने के लिए नगर निगम और सियालदह डिवीजन के रेलवे अधिकारी संयुक्त रूप से राहत कार्य में जुटे हैं। सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति भी आंशिक रूप से काटनी पड़ी है, जिससे लोगों की दुश्वारियां दोहरी हो गई हैं।
इस जलभराव का सीधा असर रेल परिचालन पर भी देखने को मिल रहा है। कोलकाता स्टेशन परिसर और रेल पटरियों पर पानी भर जाने के कारण मंगलवार को चक्ररेल की 5 लोकल ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करना पड़ा है, जबकि गेदे-माझेरहाट, हाबरा-माझेरहाट और माझेरहाट-रानाघाट रूट की कई ट्रेनों के मार्ग और समय में बदलाव किया गया है। वर्तमान में निगम और रेलवे की टीमें स्थिति पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन जब तक 72 इंच की मुख्य लाइन की मरम्मत पूरी नहीं हो जाती, तब तक शहरवासियों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ेगा।
टाला में पाइप फटने से कोलकाता में गहराया जलसंकट
