हरिश्चंद्रपुर में ग्रामीणों ने संदिग्ध बांग्लादेशी को पेड़ से बांधा, पुलिस ने किया गिरफ्तार; सीमावर्ती इलाके में हड़कंप

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर (हबीबपुर) थाना अंतर्गत डुबापाड़ा इलाके में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्थानीय निवासियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को इलाके में घूमते हुए पकड़ा। संदेह होने पर ग्रामीणों ने उस व्यक्ति को पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हबीबपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुँची और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने ले आई। कड़ी पूछताछ के बाद यह पुष्टि हुई कि पकड़ा गया व्यक्ति एक बांग्लादेशी नागरिक है।

नाम: मोहम्मद मोमिन नूर हुसैन।पता: कोतवाली थाना क्षेत्र, बांग्लादेश। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस स्थान से इस व्यक्ति को पकड़ा गया, उसके बेहद करीब भारत-बांग्लादेश हरिश्चंद्रपुर बीओपी (BOP) कैंप स्थित है। सीमा के इतने करीब एक विदेशी नागरिक का पाया जाना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुलबुलचंडी ग्रामीण अस्पताल में प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए ले जाया गया, जिसके बाद उसे मालदा जिला अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि यह व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में किस उद्देश्य से दाखिल हुआ था और वह डुबापाड़ा इलाके में क्यों घूम रहा था।चुनाव के समय सीमावर्ती जिलों में इस तरह की घुसपैठ ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अतिरिक्त सतर्क कर दिया है। फिलहाल, इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

By Sonakshi Sarkar