लाइवस्टॉक दस्तावेजों के बिना ट्रक में भरकर महिषों की अवैध तस्करी की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर एनजेपी थाना की पुलिस ने अभियान चलाकर महिषों से भरे ट्रक को जब्त करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना मिली थी कि बिहार से एक दस चक्का ट्रक में कुछ महिषों को अवैध रूप से असम की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर मंगलवार रात फूलबाड़ी इलाके में नाका चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक से 18 महिष और 18 महिष के बछड़े बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एमडी फजरुल हक, एमडी अली, शाह आलम, जावेद अली और आहार अली को गिरफ्तार किया।
सभी आरोपियों का घर बिहार में बताया गया है। ट्रक जब्त करने के बाद बरामद महिषों को फूलबाड़ी के खोह में रखा गया है। वहीं, गिरफ्तार तस्करों को बुधवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
