बाढ़ और मौसम की मार से असम का चाय उद्योग संकट में

असम के चाय उद्योग पर बाढ़, कीट प्रकोप और भीषण गर्मी का दोहरा दबाव देखने को मिल रहा है। गुवाहाटी टी ऑक्शन सेंटर (GTAC) में पिछले दो महीनों के दौरान औसत CTC चाय की कीमत में करीब 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। टी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TAI) के बाजार आंकड़ों के अनुसार, सेल नंबर 26 में CTC चाय की औसत कीमत 264.89 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो सेल नंबर 34 तक घटकर 221.57 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। चाय उत्पादकों के लिए यह गिरावट इसलिए चिंता का विषय है क्योंकि इसी अवधि में असम के कई प्रमुख चाय बागान भीषण बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और लंबे समय तक जलभराव से चाय पौधों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, कीटों के प्रकोप और अत्यधिक गर्मी ने ऊपरी तथा निचले असम में प्रीमियम चाय की पैदावार को प्रभावित किया है। शुरुआती आंकड़ों में जून तक उत्तर भारत में चाय उत्पादन में 5 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्ज हुई थी, लेकिन जुलाई में उत्पादन 8 प्रतिशत गिर गया और अगस्त में भी इतनी ही गिरावट दर्ज की गई। उद्योग को अगस्त के अंत तक कुल 80 लाख किलोग्राम उत्पादन घाटे का अनुमान है, जिससे चाय बागान उद्योग में नकदी संकट और बढ़ने की आशंका है।

By nanika