वेलबा घाट नदी पर बनी पुलिया पानी के तेज बहाव में टूटी

प्रखंड की छकरबंधा पंचायत के महुलनिया जाने वाली सड़क पर वेलबा घाट नदी पर बनी पुलिया रविवार की रात पानी के तेज बहाव से टूट गई। पुलिया टूटने से महुलनिया, तारचुआ, परनटांड़, मुसहरीटांड़ समेत करीब सात गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। अचानक आवागमन बाधित होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण अनिल यादव ने बताया कि महुलनिया देवी स्थान से छकरबंधा थाना और सीआरपीएफ कैंप तक करीब एक किलोमीटर सड़क का निर्माण वर्ष 2025 में ठेकेदार भोला सिंह द्वारा कराया गया था। सड़क निर्माण के दौरान ही ग्रामीणों ने ठेकेदार को वेलबा घाट नदी में बरसात के दिनों में तेज पानी आने की जानकारी दी थी और पुल को मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाने की मांग की थी。ग्रामीण उपेंद्र यादव, परिखा यादव, वीरेंद्र कुमार, शम्भू यादव, कुणाल कुमार और अनिल यादव ने आरोप लगाया कि उनकी बातों को नजरअंदाज कर घटिया सामग्री से पुलिया और सड़क का निर्माण कराया गया था। नतीजा यह हुआ कि पहली ही बरसात में पुलिया और अप्रोच सड़क पानी के तेज बहाव से टूट गई। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया टूटने से बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल ले जाने और छकरबंधा व डुमरिया बाजार जाने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। बरसात में नदी पार करना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुलिया का निर्माण मजबूत तरीके से नहीं कराया गया तो हर वर्ष यही समस्या दोहराती रहेगी। उन्होंने जिलाधिकारी से जल्द पुलिया और सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन बहाल कराने की मांग की है。

By Paromita