पटना सिटी के टेंट व्यवसायी की संदिग्ध मौत:

पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले टेंट व्यवसायी मनोज कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी कंचन देवी ने हत्या की आशंका जताते हुए आलमगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने पति की महिला मित्र नीतू देवी और उसके भाई पर सुनियोजित हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

कंचन देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके पति मनोज कुमार का महारानी कॉलोनी निवासी नीतू देवी से लगातार संपर्क था। उनका आरोप है कि इसी संबंध को लेकर साजिश रचकर उनके पति की हत्या की गई और बाद में शव को ठिकाने लगा दिया गया। मृतक मनोज कुमार (50 वर्ष) चैलीटाल, काजीबाग के निवासी थे और डेकोरेटर का व्यवसाय करते थे। परिजनों के अनुसार, 13 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे वह एक शादी समारोह के इवेंट के सिलसिले में अपनी स्कूटी से घर से निकले थे।

जब देर शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि मनोज कुमार का महारानी कॉलोनी स्थित एक घर में रहने वाली महिला नीतू देवी के यहां आना-जाना था। जब परिवार के लोग वहां पहुंचे और जानकारी लेने का प्रयास किया, तो मकान मालिक राहुल चौरसिया ने उन्हें डांट-फटकार कर भगा दिया। इसके बाद परिजनों का शक और गहरा गया। बुधवार शाम पुलिस ने फतुहा इलाके में जलकुंभी के बीच से मनोज कुमार का शव बरामद किया था। वहीं, उनकी स्कूटी तीन दिनों से सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली थी, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पत्नी कंचन देवी का आरोप है कि उनके पति की सुनियोजित तरीके से हत्या कर शव को ठिकाने लगाया गया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By Paromita