‘द केरल स्टोरी’ के निर्देशक सुदीप्तो सेन की ‘चरक: फेयर ऑफ फेथ’ का ट्रेलर रिलीज 

फिल्म ‘चरक: फेयर ऑफ फेथ’ के निर्माताओं ने अपनी आगामी लोककथा-आधारित थ्रिलर का प्रभावशाली ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसने अंधविश्वास और तांत्रिक गतिविधियों से जुड़े भयावह सच को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। ‘द केरल स्टोरी’ के निर्देशक सुदीप्तो सेन के समर्थन से बनी यह फिल्म 6 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।  निर्देशक शीलादित्य मौलिक द्वारा निर्देशित ‘चरक: फेयर ऑफ फेथ’ भारत के ग्रामीण अंचलों में प्रचलित अंधविश्वास और कठोर अनुष्ठानों की सच्चाई को गहराई से उजागर करती है। ट्रेलर ‘चरक मेला’ की पृष्ठभूमि में रचा गया है—एक पारंपरिक उत्सव जो गहन आस्था और खतरनाक रस्मों के लिए जाना जाता है।

जैसे-जैसे दृश्य आगे बढ़ते हैं, पूरा समुदाय इस पवित्र मेले की तैयारी करता दिखाई देता है, मानो यह उनकी वर्षों पुरानी मनोकामनाओं को पूरा करने की अंतिम उम्मीद हो। लेकिन जैसे ही अनुष्ठान उग्र और भयावह होते जाते हैं, कहानी आस्था और कट्टरता, भक्ति और विनाश के बीच की महीन रेखा पर सवाल खड़े करती है। निर्माता सुदीप्तो सेन ने कहा, “चरक की स्क्रीनिंग के बाद सीबीएफसी समिति को फिल्म के विषय को लेकर कुछ आपत्तियाँ थीं, जिसके चलते इसे उच्च समीक्षा पैनल के पास भेजा गया। आरसी स्क्रीनिंग के बाद पैनल ने कुछ सुझाए गए बदलावों के साथ फिल्म को मंजूरी दे दी। मैं सीबीएफसी और सम्मानित सदस्यों का आभारी हूं कि उन्होंने हमारे दृष्टिकोण को समझा और सौहार्दपूर्ण निर्णय लिया। मैं बेहद उत्साहित हूं कि ‘चरक’ जैसी कहानी—जो हमारे देश की मिट्टी और संवेदनाओं से जुड़ी है—उसे भारत और विश्वभर के दर्शकों तक पहुंचा सकूं। यह फिल्म हमारे हृदयस्थल की विचारधारा और दर्शन को दर्शाती है और एक ऐसा सिनेमाई अनुभव देने का प्रयास करती है जो मानवता को प्रेरित करे और आत्मा को छू ले।”

यह फिल्म पेन स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत की गई है, जिसका नेतृत्व डॉ. जयंतीलाल गडा कर रहे हैं। अपने विचार साझा करते हुए डॉ. जयंतीलाल गडा ने कहा, “आज के समय में कंटेंट ही असली राजा है। इसी सोच के साथ हमने ‘चरक’ जैसा विचारोत्तेजक विषय चुना। लोककथा-आधारित थ्रिलर का यह जॉनर नया है, और इसमें पौराणिक तत्वों के साथ रोमांच का ऐसा संयोजन है जो दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें गहरी सोच में भी डाल देता है।” फिल्म में अंजलि पाटिल, साहिदुर रहमान, सुभ्रत दत्ता, शशि भूषण, नलनीश नील, शंखदीप और शौनक श्यामल जैसे सशक्त कलाकार नजर आएंगे। ‘चरक: फेयर ऑफ फेथ’ का निर्माण धवल जयंतीलाल गडा और सिपिंग टी सिनेमा द्वारा, सुदीप्तो सेन प्रोडक्शंस के सहयोग से किया गया है, जबकि राजेश भट्ट एसोसिएट प्रोड्यूसर हैं।

By Business Bureau