भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोह के अवसर पर गुवाहाटी के न्यू आर्ट प्लेयर्स सभागार में आयोजित तीन दिवसीय भूपेंद्र संगीत कार्यशाला का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। न्यू आर्ट प्लेयर्स ने भूपेन हजारिका कल्चरल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन 24 से 26 जुलाई तक किया, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 28 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में नमिता भट्टाचार्य गोस्वामी, डॉ. सौरव महंत और रूपम भुइयां ने प्रतिभागियों को भूपेन हजारिका के गीतों की शैली, प्रस्तुति और संगीत की विशेषताओं का प्रशिक्षण दिया।
उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्वलन और डॉ. भूपेन हजारिका को पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भूपेन हजारिका कल्चरल ट्रस्ट की सचिव मंजुला हजारिका ने जन्मशती वर्ष के दौरान देशभर में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। वहीं, न्यू आर्ट प्लेयर्स के अध्यक्ष अजय दत्ता ने संगठन के साथ डॉ. हजारिका के लंबे और प्रेरणादायक जुड़ाव को याद किया।
समापन समारोह का संचालन नयन प्रसाद ने किया। इसमें सांस्कृतिक जगत की कई प्रमुख हस्तियों, ट्रस्ट के सदस्यों और न्यू आर्ट प्लेयर्स के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों द्वारा डॉ. भूपेन हजारिका के गीतों की सामूहिक प्रस्तुति तथा प्रमाण-पत्र वितरण के साथ हुआ।
