स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस पर पथराव, महिला यात्री जख्मी

34

 समस्तीपुर रेल मंडल अंतर्गत सकरी-दरभंगा स्टेशन के बीच काकरघाटी स्टेशन के पास असामाजिक तत्वों ने स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर पथराव कर दिया। इससे एसी बोगी का शीशा टूटकर महिला के चेहरे में लग गया। घटना की सूचना ट्रेन में सवार टीटीई ने कंट्रोल को दी। इसके बाद दरभंगा जंक्शन पर आरपीएफ टीम ट्रेन में पहुंची। साथ ही पीड़ित महिला से पूछताछ की।

घटना के बाद वह दर्द से कराहती रही, लेकिन दरभंगा से समस्तीपुर जंक्शन तक 37 किलोमीटर के सफर में उसका प्राथमिक उपचार तक नहीं किया गया। इसकी जानकारी मिलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। मंडल सुरक्षा आयुक्त एसजेए जानी ने बताया कि ट्रेन की एक बोगी पर किसी ने पत्थर फेंका है। इस मामले की जांच की जा रही।

आरपीएफ पोस्ट दरभंगा में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला स्वजन के साथ श्री एसी की बोगी संख्या एस छह में सफर कर रही थी। पीड़िता सुधीरा देवी बोगी में सीट संख्या नौ पर खिड़की के बगल में बैठी। उसके साथ चाचा किशोरी साह, यमुना देवी, राजकुमारी देवी भी दिल्ली जाने के लिए सफर कर रहे थे। इसी दौरान चलती ट्रेन में अचानक असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इससे शीशा टूट कर आंख के नीचे धंस गया। जयनगर से नई दिल्ली जानेवाली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट ट्रेन शुक्रवार शाम 06:18 बजे सकरी स्टेशन से रवाना हुई।