बारासात में STF की बड़ी कार्रवाई: सब्जी लदे ट्रक से 300 किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तारबारासात

पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया है। बारासात के मयना इलाके में एसटीएफ ने अभियान चलाकर करीब 300 किलो गांजा बरामद किया है।मिली जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को पहले से ही सूचना मिली थी कि उत्तर बंगाल से एक खेप कोलकाता की ओर जा रही है।

इसी आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग 12 (NH-12) पर नाकाबंदी की गई। जाँच के दौरान पुलिस ने एक सब्जी से लदे ट्रक को रोका। जब ट्रक की सघन तलाशी ली गई, तो सब्जियों के नीचे छिपाए गए 11 बोरे गांजा बरामद हुए।पुलिस सूत्रों ने बताया कि बरामद गांजे का कुल वजन लगभग 300 किलोग्राम है।

एसटीएफ ने घटनास्थल से ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि यह खेप उत्तर बंगाल से कोलकाता ले जाई जा रही थी। एसटीएफ अब इस तस्करी के पीछे जुड़े बड़े गिरोह का पता लगाने में जुट गई है।

By Sonakshi Sarkar