साउथ अफ्रीकन टूरिज्म ने अपने वार्षिक ‘इंडिया रोडशो’ के तहत कोलकाता में एक सफल कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें २२० से भी अधिक भारतीय ट्रैवल ट्रेड भागीदारों ने हिस्सा लिया। मुंबई में ओटीएम के बाद आयोजित यह रोडशो भारत को दक्षिण अफ्रीका के लिए एक मुख्य स्रोत बाजार के रूप में और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस कार्यक्रम में ४० से ज्यादा प्रदर्शकों ने अपने विविध पर्यटन उत्पादों को पेश किया। इसका मुख्य उद्देश्य छुट्टी, कॉर्पोरेट और एमआईसीई (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्ज़ीबिशन) पर्यटन के क्षेत्र में नए व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देना था।
मार्केटिंग एवं कम्युनिकेशंस मैनेजर मिताली कर्मकार ने बताया कि भारत दक्षिण अफ्रीका के लिए एक प्राथमिकता वाला बाजार है और भारतीय पर्यटक अब पारंपरिक स्थलों के बजाय अनुभव-आधारित छुट्टियों, प्रीमियम यात्रा और वन्यजीव सफारी में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। कोलकाता को एक प्रमुख स्रोत बाजार बताते हुए उन्होंने कहा कि यहाँ के यात्री सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता को अधिक पसंद करते हैं। इस रोडशो का अगला पड़ाव १२ फरवरी को नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसका लक्ष्य भारतीय ट्रैवल ट्रेड के साथ साझेदारी को और अधिक सशक्त बनाना है।
