सिलीगुड़ी: पोस्टर फाड़ने के विरोध में धरने पर बैठे टीएमसी प्रत्याशी गौतम देव, भाजपा पर लगाया आरोप

विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच सिलीगुड़ी में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रत्याशी गौतम देव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर उनके चुनावी पोस्टर और बैनर फाड़ने का गंभीर आरोप लगाया है।गौतम देव के समर्थन में सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 13 सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। आरोप है कि अज्ञात उपद्रवियों द्वारा इन पोस्टरों को सुनियोजित तरीके से फाड़ा जा रहा है।

इस घटना पर रोष प्रकट करते हुए गौतम देव ने कहा:”भाजपा बाहरी लोगों को शहर में लाकर इस तरह की कायराना हरकतों को अंजाम दे रही है। यह हमारे प्रचार को रोकने की एक सोची-समझी साजिश है।”टीएमसी प्रत्याशी ने बताया कि इस मामले की शिकायत चुनाव अधिकारियों (Election Officers) से पहले ही की जा चुकी है। इसके बावजूद शहर के अलग-अलग हिस्सों में पोस्टर फाड़ने की घटनाएं रुक नहीं रही हैं।

प्रशासन की कथित निष्क्रियता और विपक्ष की हरकत के विरोध में गौतम देव सिलीगुड़ी के कचहरी रोड स्थित गांधी मूर्ति के पाददेश में धरने पर बैठ गए।गौतम देव के इस विरोध प्रदर्शन से इलाके के राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। तृणमूल कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, वे अपना विरोध जारी रखेंगे। वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को निराधार बताया है।

By Sonakshi Sarkar