सिलीगुड़ी: टीएमसी उम्मीदवार गौतम देव ने दाखिल किया नामांकन, शक्ति प्रदर्शन के साथ पहुंचे अनुमंडल कार्यालय

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही सिलीगुड़ी में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आज सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के आधिकारिक उम्मीदवार और शहर के वर्तमान मेयर गौतम देव ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।नामांकन दाखिल करने से पहले गौतम देव ने एक विशाल रैली निकाली, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ा।

समर्थकों के उत्साह और नारों के बीच गौतम देव सिलीगुड़ी अनुमंडल शासक (SDO) कार्यालय पहुंचे और अपना पर्चा भरा। इस दौरान उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय पार्षदों के साथ एकजुटता का प्रदर्शन किया। नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए गौतम देव ने अपनी जीत के प्रति पूर्ण विश्वास जताया। उन्होंने कहा: “राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जनकल्याणकारी योजनाओं के दम पर हम जनता के बीच जा रहे हैं।” “सिलीगुड़ी के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं में जो सुधार हुए हैं, जनता उसका समर्थन चुनाव में जरूर करेगी।”नामांकन के मद्देनजर सिलीगुड़ी कोर्ट मोड़ और अनुमंडल कार्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सिलीगुड़ी पुलिस की विशेष टुकड़ियों को तैनात किया गया था।

By Sonakshi Sarkar