सिलीगुड़ी: डाबग्राम-फुलबाड़ी से टीएमसी प्रत्याशी रंजन शील शर्मा का धुआंधार प्रचार, नौका घाट इलाके में घर-घर जाकर मांगा समर्थन

डाबग्राम-फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रंजन शील शर्मा ने वार्ड नंबर 31 के अंतर्गत आने वाले नौका घाट इलाके में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। ढोल-नगाड़ों की थाप और समर्थकों के भारी उत्साह के बीच उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं से आशीर्वाद मांगा।रंजन शील शर्मा ने अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत स्थानीय काली मंदिर में मत्था टेककर और पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद वे कार्यकर्ताओं की टोली के साथ गलियों में निकले और हर घर का दरवाजा खटखटाया। प्रचार के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं व असुविधाओं को धैर्यपूर्वक सुना।

प्रत्याशी ने डाबग्राम-फुलबाड़ी के विकास को लेकर पूर्व मंत्री गौतम देव के कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया:”2011 से 2021 तक गौतम देव के नेतृत्व में विकास की जो धारा बही थी, वह पिछले कुछ वर्षों में पूरी तरह थम गई है। क्षेत्र की जनता अब विकास की उस गति को वापस चाहती है। लोग 23 तारीख (मतदान का दिन) का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”

रंजन शील शर्मा ने आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि प्रचार के दौरान उन्हें जनता से अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि डाबग्राम-फुलबाड़ी के रुके हुए विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए तृणमूल कांग्रेस को भारी बहुमत से विजयी बनाएं।उन्होंने कहा कि लोग मन बना चुके हैं और बस मतदान के दिन का इंतजार है, जब जनता ‘जोड़ा फूल’ (TMC का चुनाव चिन्ह) पर मुहर लगाकर अपना फैसला सुनाएगी। इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता और स्थानीय नेता उपस्थित रहे।

By Sonakshi Sarkar