सिलीगुड़ी से सटे फुलबाड़ी के जियागंज इलाके में अभियान चलाकर सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस ने 145 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस घटना में वाहन के चालक और सह-चालक को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम सामिन अली और रिंकू शेख हैं, और दोनों मुर्शिदाबाद के रहने वाले हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कूचबिहार से सिलीगुड़ी के रास्ते इस भारी मात्रा में गांजे को दूसरे राज्यों में तस्करी करने की योजना थी।गुप्त सूचना मिलने पर न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस ने फुलबाड़ी के जियागंज इलाके में उक्त मालवाहक वाहन पर अचानक छापा मारा। वाहन की तलाशी के दौरान चाय के पैकेटों की आड़ में छिपाकर रखा गया 145 किलो गांजा बरामद किया गया।
जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है। इस घटना में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। आज दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
