सिलीगुड़ी शहर की सड़कों पर देर रात होने वाली ‘रफ्तार की जंग’ और बेलगाम ड्राइविंग को रोकने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कमर कस ली है। बुधवार रात १० बजे से १ बजे तक शहर के चार महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन नाका चेकिंग अभियान चलाया गया।डीसीपी (ट्रैफिक) काजी शम्सुद्दीन अहमद ने शराब पीकर गाड़ी चलाने और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने खुद रात में चेकिंग पॉइंट्स का दौरा किया और कहा, “पिछले बुधवार की घटना एक बड़ा सबक है। हमारा मुख्य लक्ष्य रात की निगरानी को और मजबूत करना है।” स्थानीय लोगों की लंबे समय से शिकायत थी कि रात ढलते ही शहर की सड़कें ‘रेसिंग ट्रैक’ में तब्दील हो जाती हैं। पिछले छह महीनों में सेवक रोड (पानीटंकी मोड़ से बंगाल सफारी तक) पर ५ से अधिक बड़े हादसे हो चुके हैं।चेकिंग पॉइंट्स: सेवक रोड के दो पॉइंट्स पर ‘ब्रेथ एनालाइजर’ से जांच की जा रही है।
प्रमुख निगरानी क्षेत्र: इसके अलावा पानीटंकी मोड़, सिटी सेंटर और जलपाई मोड़ पर भी पुलिस का कड़ा पहरा रहा।पुलिस की इस सक्रियता के बीच जनता के मन में एक बड़ा सवाल है—क्या यह अभियान नियमित रहेगा? विशेष रूप से शुक्रवार से रविवार तक, जब शहर के अधिकांश पब और बार सुबह ३ बजे तक खुले रहते हैं, तब शराब पीकर गाड़ी चलाने का जोखिम काफी बढ़ जाता है। नागरिकों का मानना है कि सप्ताहांत की उन रातों में निगरानी और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है।
