पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सिलीगुड़ी विधानसभा केंद्र से भाजपा प्रत्याशी शंकर घोष ने आज सुबह जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया। अपनी सक्रियता और जमीनी पकड़ को मजबूत करने के उद्देश्य से वे सिलीगुड़ी के विभिन्न क्षेत्रों में आम जनता के बीच पहुंचे। बुधवार सुबह शंकर घोष सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल के मैदान में पहुंचे। यहाँ उन्होंने सुबह की सैर (Morning Walk) करने आए स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध जनों से मुलाकात की। संवाद के दौरान उन्होंने इलाके की ड्रेनेज, सड़कों और अन्य नागरिक सुविधाओं के बारे में लोगों की राय सुनी।आगामी चुनाव को लेकर लोगों की उम्मीदों और उनके सुझावों को विस्तार से नोट किया।
जनसंपर्क के दौरान शंकर घोष का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। मैदान में अभ्यास कर रहे युवाओं को देखकर वे खुद को रोक नहीं पाए और उनके साथ खेल में शामिल हो गए। भाजपा प्रत्याशी ने युवाओं के साथ कुछ देर फुटबॉल और क्रिकेट खेला। इस दौरान मैदान ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। खेल के माध्यम से युवाओं से जुड़ने की उनकी इस कोशिश की स्थानीय स्तर पर काफी सराहना हो रही है।
इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शंकर घोष ने कहा कि वे केवल वोट मांगने नहीं, बल्कि सिलीगुड़ी के विकास के लिए लोगों का आशीर्वाद लेने आए हैं। चुनाव से पहले इस तरह के सघन जनसंपर्क से सिलीगुड़ी का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है।
