सिलीगुड़ी: चोरी के चार महीने बाद बरामद हुई बाइक, चोपड़ा से एक गिरफ्तार, साथी फरार

सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के माटीगाड़ा थाने की सादे कपड़ों वाली पुलिस टीम (Civil Dress Unit) को वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है और इस सिलसिले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पाल पाड़ा निवासी मिथुन राय की मोटरसाइकिल बीते 7 अक्टूबर 2025 को माटीगाड़ा बाजार से चोरी हो गई थी। इस घटना के अगले दिन, 8 अक्टूबर को पीड़ित ने माटीगाड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी थी।

जांच के दौरान पुलिस ने अपने सूचना तंत्र (Informer Network) को सक्रिय किया। खुफिया जानकारी और सूत्रों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि चोरी की गई बाइक उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा इलाके में है। इसी सूचना पर माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने बुधवार शाम चोपड़ा के लायलागज इलाके में दबिश दी। पुलिस की छापेमारी के दौरान मो. शरीफ (28) को गिरफ्तार कर लिया गया, जो लायलागज का ही रहने वाला है। हालांकि, उसका साथी और इस कांड का दूसरा आरोपी कादर आलम पुलिस की गाड़ी देखते ही मौके से फरार होने में सफल रहा।

पुलिस ने कादर आलम के घर से ही चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी मो. शरीफ को लेकर पुलिस टीम माटीगाड़ा लौटी। आज उसे सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया है। पुलिस फरार आरोपी कादर आलम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

By Sonakshi Sarkar