सेवक रोड हिट-एंड-रन मामला: आरोपी देबांशु पाल आज फिर अदालत में पेश, कड़ी सजा की मांग को लेकर प्रदर्शन

सेवक रोड पर हुए दर्दनाक हिट-एंड-रन मामले के मुख्य आरोपी देबांशु पाल चौधरी को चार दिनों की पुलिस हिरासत के बाद आज दोबारा अदालत में पेश किया जा रहा है। इस दौरान अदालत परिसर में तनाव का माहौल देखा गया, जहाँ मृतक युवक के परिजनों ने इकट्ठा होकर आरोपी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।गौरतलब है कि हाल ही में सेवक रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने शंकर छेत्री नामक युवक को जोरदार टक्कर मारी थी और चालक मौके से फरार हो गया था। इस हादसे में शंकर की जान चली गई थी।

सिलीगुड़ी थाना पुलिस ने जांच के बाद सिलीगुड़ी के एक पेट्रोल पंप मालिक के बेटे देबांशु पाल चौधरी को गिरफ्तार किया था।पिछली सुनवाई (मंगलवार) के दौरान जब देबांशु को सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया था, तब भी उसे मृतक के परिवार के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा था। तब अदालत ने उसे चार दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा था। आज रिमांड की अवधि समाप्त होने पर उसे फिर से पेश किया गया है।शनिवार सुबह से ही अदालत परिसर में मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में मिसाल कायम करने वाली सजा नहीं दी गई, तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं बढ़ती रहेंगी। स्थिति को देखते हुए कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।अब सभी की निगाहें अदालत के फैसले और पुलिस द्वारा जुटाई गई जांच की प्रगति पर टिकी हैं।

By Sonakshi Sarkar