अमित शाह की जनसभा से पहले सुरक्षा चाक-चौबंद; लॉकेट चटर्जी और पुलिस कमिश्नर ने लिया जायजा बैरकपुर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बैरकपुर दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आनंदपुरी मैदान में होने वाली विशाल जनसभा से पहले आज सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया गया।अमित शाह की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरकपुर के पुलिस कमिश्नर ने उच्च पदस्थ पुलिस अधिकारियों के साथ आनंदपुरी मैदान का दौरा किया।

पुलिस दल ने सभा स्थल के प्रवेश और निकास द्वारों, मंच की सुरक्षा और बैरिकेडिंग की बारीकी से जांच की। वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरे इलाके में सुरक्षा घेरा मजबूत किया जा रहा है और सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर विस्तृत योजना बनाई गई है। प्रशासनिक निरीक्षण के साथ-साथ भाजपा ने भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री लॉकेट चटर्जी ने आज स्वयं मैदान का दौरा किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और मंच निर्माण व जनसभा में आने वाले समर्थकों की सुविधा के इंतजामों का जायजा लिया। लॉकेट चटर्जी ने इस दौरान विश्वास जताया कि गृह मंत्री की इस सभा में ऐतिहासिक भीड़ उमड़ेगी। उन्होंने कहा कि बैरकपुर की जनता अमित शाह के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और यह सभा क्षेत्र में राजनीतिक समीकरण बदल देगी।

By Sonakshi Sarkar