फांसीदेवा क्षेत्र में 27 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कल देर रात एक व्यवसायी के साथ मारपीट कर 2 लाख 60 हजार रुपये लूट लिए जाने की घटना सामने आई है। यह वारदात कांतिभिटा संलग्न बुड़िबालासन पुल के पास हुई। घायल व्यवसायी का नाम मोहम्मद रोजाब अली है, जो झमकलालजोत के गोयालजोत इलाके के निवासी बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार, पेशे से धान व्यवसायी रोजाब अली एक स्कूल बैग में 2 लाख 60 हजार रुपये लेकर खड़िबाड़ी के व्यवसायी उत्तम सिंह को देने जा रहे थे।
बताया गया है कि लीचुबागान के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल की चाबी जंगल की ओर फेंक दी और हेलमेट से उनके सिर पर वार किया। मारपीट के बाद बदमाश रुपये से भरा बैग लेकर घोषपुकुर की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही फांसीदेवा और घोषपुकुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घायल व्यवसायी को फांसीदेवा ग्रामीण अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
