गुरुवार को मालदा जिले की नई जिलाधिकारी (डीएम) के रूप में प्रीति गोयल ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाधिकारी नितिन सिंघानिया ने उन्हें सभी दायित्व सौंपे। दोपहर में मालदा कलेक्टरेट भवन में दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालय कक्ष में एक-दूसरे को फूलों के गुलदस्ते भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
हालांकि, पूर्व डीएम नितिन सिंघानिया के तबादले को लेकर तृणमूल कांग्रेस समर्थित राज्य सरकारी कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी भावुक नजर आए और वे कलेक्टरेट भवन के सामने एकत्र हुए। संगठन की ओर से भी नए और पुराने दोनों जिलाधिकारियों को फूलों के गुलदस्ते देकर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि नितिन सिंघानिया वर्ष 2022 से मालदा के जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत थे। अब उनका स्थानांतरण मुर्शिदाबाद के डीएम के रूप में किया गया है, जबकि नई जिलाधिकारी प्रीति गोयल दार्जिलिंग से स्थानांतरित होकर मालदा आई हैं।
