सिलीगुड़ी के कावाखाली में पीएम मोदी की मेगा रैली: लाखों की भीड़ जुटने की उम्मीद, तैयारियां शुरू 

आगामी रविवार को सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक विशाल चुनावी जनसभा होने जा रही है। इस रैली को लेकर उत्तर बंगाल के राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल है। सभा को सफल बनाने के लिए कावाखाली मैदान में मंच निर्माण और अन्य सुरक्षा प्रबंधों का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो चुका है।गुरुवार को दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्ता ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर इस मेगा रैली की तैयारियों की जानकारी दी।

 उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री को सुनने के लिए उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों और पहाड़ी क्षेत्रों से लाखों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेंगे। सांसद ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी को देखने और सुनने के लिए लोगों में हमेशा से जबरदस्त उत्साह रहा है और इस बार भी सिलीगुड़ी में भारी जनसैलाब उमड़ेगा।”सांसद ने यह भी संकेत दिया कि प्रधानमंत्री के अलावा आगामी दिनों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी प्रचार के लिए क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं। केंद्रीय नेतृत्व के इन दौरों से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी ऊंचा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजू बिस्ता ने मतदाता सूची (SIR) से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने साजिश के तहत नाम काटे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस कदम से भाजपा को भी कुछ हद तक नुकसान उठाना पड़ा है।प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए कावाखाली इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और पुलिस प्रशासन के साथ-साथ एसपीजी (SPG) की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही हैं।

By Sonakshi Sarkar