अमेरिका स्थित फॉर्च्यून 500 खाद्य कंपनी ‘जनरल मिल्स इंक’ का हिस्सा, जनरल मिल्स इंडिया ने आज नासिक, महाराष्ट्र में एक नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट (उत्पादन सुविधा) के उद्घाटन की घोषणा की। यह नया और अत्याधुनिक प्लांट भारत में कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग विस्तार में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और देश के तेजी से बढ़ते खाद्य और बेकरी क्षेत्र के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
जनरल मिल्स ने इस प्लांट को बनाने में लगभग १०० करोड़ रुपये का निवेश किया है, और यह नासिक में कंपनी की दूसरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है। इस सुविधा का निर्माण उन्नत उत्पादन तकनीकों और वैश्विक गुणवत्ता मानकों के साथ किया गया है, जिसमें खाद्य सुरक्षा, उच्च गुणवत्ता और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया है।
नासिक का यह नया प्लांट अधिक कुशल सप्लाई चेन सुनिश्चित करेगा, जिससे माल पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा और देशभर में पिल्सबरी उत्पादों की उपलब्धता बढ़ेगी। इस बेहतर पहुंच से भारत की हजारों बेकरियां पिल्सबरी की भरोसेमंद गुणवत्ता का लाभ उठा सकेंगी, जिससे उनकी अपनी प्रगति होगी और समग्र बेकरी क्षेत्र के विकास में भी योगदान मिलेगा।
उत्पादन के विस्तार के अलावा, इस प्लांट से क्षेत्र में सार्थक आर्थिक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। इसने मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स (माल परिवहन) और सहायक सेवाओं में पहले ही कई प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा किए हैं, जिससे महाराष्ट्र के नासिक क्षेत्र में स्थानीय आजीविका और कौशल विकास को बढ़ावा मिला है। इसके अलावा, कच्चे माल और अन्य सेवाओं की बढ़ती मांग से स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं और व्यवसायों के विकास को भी गति मिलेगी।
जनरल मिल्स के ग्लोबल इमर्जिंग मार्केट्स के वाइस प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर, बल्की राधाकृष्णन ने कहा, “नासिक में हमारे नए प्लांट के खुलने से देशभर में पिल्सबरी उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाते हुए हमें बेहद गर्व हो रहा है। 1999 से, हमारा पिल्सबरी ब्रांड भारत में स्वादिष्ट, उच्च गुणवत्ता वाले और सुविधाजनक बेकिंग मिक्स उपलब्ध करा रहा है। यह विस्तार हमें अपने उपभोक्ताओं और बेकरी पार्टनर्स की सेवा और भी बेहतर, तेजी से और बड़े स्तर पर करने में मदद करेगा।”
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित उद्घाटन समारोह में कंपनी के वरिष्ठ प्रतिनिधि, मुंबई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के अधिकारी तथा महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधि उपस्थित थे। उनकी उपस्थिति इस निवेश के रणनीतिक महत्व और वैश्विक कंपनियों तथा भारतीय विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र (Manufacturing Ecosystem) के बीच बढ़ते सहयोग को रेखांकित करती है। यह नया प्लांट क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और भारत की बदलती खाद्य संस्कृति (Culinary Landscape) में पिल्सबरी की उपस्थिति को और सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम है।
