बकाया भुगतान की मांग को लेकर PHE कार्यालय में तालाबंदी, ठेकेदारों का जोरदार प्रदर्शन 

सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित जन स्वास्थ्य तकनीकी विभाग (PHE) के कार्यालय में आज उस समय तनाव फैल गया, जब बकाया राशि के भुगतान की मांग को लेकर ठेकेदारों ने कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले लगभग दो वर्षों से उन्हें उनके किए गए कार्यों का भुगतान नहीं किया गया है। शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में PHE विभाग से जुड़े ठेकेदार सेवक रोड स्थित कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।

ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने विभिन्न सरकारी परियोजनाओं और जलापूर्ति से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा किया है, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी उनके बिलों का भुगतान अटका हुआ है। हताश ठेकेदारों ने कार्यालय के कामकाज को पूरी तरह ठप्प कर दिया। प्रदर्शनकारियों के अनुसार बार-बार आवेदन देने के बावजूद विभाग की ओर से केवल आश्वासन मिला है, पैसा नहीं। भुगतान न होने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और वे अपने श्रमिकों को मजदूरी देने में असमर्थ हैं।

जब तक लिखित रूप में भुगतान की निश्चित समय-सीमा तय नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कार्यालय के गेट पर तालाबंदी के कारण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अंदर-बाहर नहीं जा सके। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश की है, लेकिन ठेकेदार अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

By Sonakshi Sarkar