गिरफ़्तारी के खिलाफ आदिवासी समुदाय के लोगों ने किया पथावरोध

अफीम की खेती के आरोप में एक आदिवासी व्यक्ति की गिरफ्तारी के विरोध में काफी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों ने रविवार को 34 नंबर  राष्ट्रीय राजमार्ग  का अवरोध कर विरोध प्रदर्शन किया।घटना को लेकर गुस्साए आदिवासी समुदाय के लोगों ने  आज सुबह गाजोल थाना क्षेत्र के आलमपुर इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 पर अवरोध कर यातायात ठप कर दिया। ये सभी हाथ में तीर धनुष व अन्य पारम्परिक हथियारों के साथ अवरोध में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि  पुलिस ने उनके परिवार के एक सदस्य को अफीम की अवैध खेती के झूठे मामले में गिरफ्तार किया है।

पुलिस हस्तक्षेप से करीब तीन घंटे  बाद  अवरोध समाप्त हुआ। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार किये गए व्यक्ति का नाम  जाथू सोरेन है| बताया जाता है 2016 में गज़ोल क्षेत्र में अफीम की खेती का मामला समाने आया।  उस दौरान जाथू  सोरेन के नाम पर अवैध रूप से अफीम की खेती करने का आरोप सामने आया|गाजोल पुलिस ने शनिवार रात जाथू को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी ओर स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस उसे झूठे मामले में फंसा रही है। इसका विरोध करते हुए उन्होंने रविवार को मालदा गाजोल में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 पर धनुष-बाण और अन्य  हथियारों के साथ पथावरोध किया।

अवरोध हटाने जब गाजोल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो आदिवासी समुदाय के लोगों ने हथियारों के साथ उसका विरोध करना शुरू कर दिया| प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस आदिवासी समुदाय के लोगों को झूठे मामले में फंसा रही है| दूसरी ओर  पथावरोध के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर व्यापक जाम लगा रहा । जिला पुलिस अधीक्षक आलोक राजोरिया ने कहा कि पुलिस वारंट के साथ किसी को भी गिरफ्तार कर सकती है।  उन्होंने कहा इस तरह कोई भी कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता है। राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *