नवारुण संघ के बुर्ज खलीफा की तर्ज पर बने पंडाल में उमड़ा जनसैलाब, अतिरिक्त बल करना पड़ा तैनात

354

पृथ्वी की सबसे ऊंची इमारत ‘बुर्ज खलीफा’ की तर्ज पर नवारुण संघ द्वारा बनाये गये पंडाल में काली पूजा की रात जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिसे संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल उतारना के साथ ही मौके पर पुलिस सुपर और डीएसपी को भी जाना पड़ा। गौरतलब है कि जलपाईगुड़ी के लोगों को दीपोत्सव का तोहफा देने के लिए नवारुण संघ ने बुर्ज खलीफा की तर्ज पर पूजा पंडाल तैयार किया था। शहर के गोमस्तापाड़ा (आहार-बहार खेल मैदान) में पृथ्वी के सबसे ऊंचे टावर बुर्ज खलीफा की तर्ज पर पंडाल बनाया गया है। इसकी ऊंचाई 104 फुट है।

जानकारी के अनुसार, पूजा के पहले ही इसे देखने के लिए यहां भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ इतनी अधिक थी कि इसे संभालने में पुलिस प्रशासन के पसीने छूट गये। जलपाईगुड़ी के अतिरिक्त पुलिस सुपर पलास चंद्र ढाली को खुद भीड़ संभालने के लिए उतरना पड़ा। दूसरी ओर, मंडप परिसर में भीड़ संभालने पहुंचे डीएसपी, हेडक्वार्टर समीर पाल ने बताया कि सभी ने कोविड नियम को मान कर ही मां काली के दर्शन किये। नवरुण संघ के सचिव राजेश मंडल‌ ने बताया कि जलपाईगुड़ी के लोगों को उपहार देने के लिए यह कोशिश की गई। पूजा का आयोजन कोरोना प्रोटोकॉल को मानकर ही किया गया।