ब नामुमकिन लगने वाला मिशन हकीकत बना: नेटफ्लिक्स ने ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का दमदार ट्रेलर जारी किया

साल 1999 की गर्मियों में कारगिल युद्ध अपने चरम पर था। पाकिस्तान की सेना ने ऊंचे और बेहद कठिन पहाड़ी इलाकों में कई महत्वपूर्ण ठिकानों पर कब्जा कर लिया था। ऐसे मुश्किल समय में भारतीय सेना के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी। जैसे-जैसे युद्ध की स्थिति गंभीर होती गई, भारतीय वायु सेना को भी इस इस मिशन में मदद के लिए आगे बुलाया गया। वास्तविक घटनाओं पर आधारित इसी अध्याय से ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की शुरुआत हुई। यह एक ऐतिहासिक और बेहद ऊंचाई वाले क्षेत्र में चलाया गया हवाई अभियान था, जिसने पूरे युद्ध की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई और भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित हुआ। यह दुनिया का सबसे ऊंचाई पर किया गया हवाई अभियान था।
आज नेटफ्लिक्स ने अपनी भव्य सैन्य ड्रामा सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का ट्रेलर जारी किया। यह सीरीज कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायु सेना की अहम भूमिका से जुड़ी एक सच्ची घटना पर आधारित है। इसमें गोल्डन एरोज स्क्वॉड्रन की अब तक सामने न आई कहानी दिखाई गई है। इस स्क्वॉड्रन के साथ भारतीय वायु सेना, नौसेना और थल सेना के कई जवानों ने देश की सेवा के लिए बहादुरी से इस मिशन को पूरा किया था। इस सीरीज का निर्देशन ओनी सेन ने किया है। इसे अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव ने बनाया है। इस सीरीज का निर्माण मैचबॉक्स शॉट्स एलएलपी के संजय रौत्रे और सरिता पाटिल तथा फील गुड फिल्म्स के मेहबूब पाल सिंह बराड़ ने किया है। सीरीज में सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दिया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, अर्नव भसीन और अमृता बागची मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इस सीरीज के लिए गहराई से रिसर्च किया गया है। भारतीय वायु सेना के पूर्व अधिकारियों से सीधे बातचीत कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई है। सीरीज की शूटिंग भारतीय वायु सेना के वास्तविक ऑपरेशनल बेस पर की गई है। इसके अलावा असली वायु सेना के विमानों और अन्य सुविधाओं का इस्तेमाल करने का मौका भी मिला। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कठिन परिस्थितियों में शूटिंग करके इस सीरीज में मिशन की विशालता, चुनौती और रोमांच को बेहद वास्तविक तरीके से दिखाने की कोशिश की गई है।
इस कहानी के केंद्र में गोल्डन एरोज स्क्वॉड्रन और भारत के युवा फाइटर पायलट की टीम हैं। इस स्क्वॉड्रन का नेतृत्व विंग कमांडर बी. एस. धनोआ ‘टोनी’ (जिमी शेरगिल) करते हैं, जबकि स्क्वॉड्रन लीडर अजय आहूजा (सिद्धार्थ) उनका साथ देते हैं।
जब कारगिल के पहाड़ी इलाकों में युद्ध का खतरा बढ़ रहा था और मिशन और भी खतरनाक होता जा रहा था, तब अजय आहूजा और उनके युवा अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर आर. एस. धालीवाल ‘धाली’ (अभय वर्मा), फ्लाइंग ऑफिसर सी. एच. बाल रेड्डी ‘बाल्डी’ (मिहिर आहूजा), फ्लाइट लेफ्टिनेंट जितेंद्र सांगवान ‘सैंगी’ (तारुक रैना) और फ्लाइंग ऑफिसर अमित गुप्ता ‘गूफी’ (अर्नव भसीन) को बेहद मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। देश की सेवा के अपने कर्तव्य को निभाते हुए उन्हें ऐसे फैसले लेने पड़े, जिनमें उनकी जान का जोखिम भी शामिल था।
यह सीरीज सिर्फ युद्ध के मैदान में जवानों की बहादुरी नहीं दिखाती, बल्कि उनके परिवारों और वायु सेना अधिकारियों की पत्नियों के भावनात्मक संघर्ष को भी सामने लाती है। वर्दी पहनकर देश की सेवा करने वाले जवानों के पीछे मजबूती से खड़े रहने वाले इन परिवारों का प्यार, त्याग और शांत साहस, मुश्किल समय में हवाई योद्धाओं की ताकत बना। इसे भी सीरीज में प्रभावी तरीके से दिखाया गया है। इस कहानी को और ज्यादा वास्तविक बनाने के लिए निर्माताओं ने इस मिशन से जुड़े परिवारों से भी बातचीत की। इससे युद्ध के पीछे छिपे भावनात्मक पहलुओं, संघर्ष और बलिदान को दर्शकों के सामने बेहतर तरीके से पेश किया गया है।
मोनिका शेरगिल, वाइस प्रेसिडेंट कंटेंट, नेटफ्लिक्स इंडिया ने कहा,”कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जिन्हें दुनिया के सामने लाने का मौका मिलना गर्व की बात होती है और ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ ऐसी ही एक कहानी है। कारगिल युद्ध में भारतीय वायु सेना की महत्वपूर्ण भूमिका को पर्दे पर लाना भारत में हमारे अब तक के सबसे बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक है। भारतीय वायु सेना के महत्वपूर्ण सहयोग के कारण ही यह संभव हो पाया। हमारे बेहतरीन कलाकारों से लेकर भारतीय तकनीकी टीम, वीएफएक्स टीम और पूरी प्रोडक्शन टीम ने इस कहानी को वास्तविक और प्रभावशाली बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह भारत की रचनात्मक प्रतिभा का एक शानदार उदाहरण है।
इस सीरीज के लिए युवा निर्माताओं अभिजीत परमार और कुशल श्रीवास्तव तथा निर्देशक ओनी सेन के विजन के साथ काम करना हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने शुरुआत से ही इस सीरीज को शानदार तरीके से तैयार किया। साथ ही, मैचबॉक्स शॉट्स के साथ एक बार फिर ऐसी प्रभावशाली कहानी बनाने का मौका मिलना हमारे लिए खुशी की बात है। हमें उम्मीद है कि दर्शक इस सीरीज में सिर्फ इसकी भव्यता ही नहीं, बल्कि इसके केंद्र में मौजूद साहस, बलिदान और देशभक्ति की भावना को भी महसूस करेंगे।”
इस कहानी को पर्दे पर लाने के अनुभव को साझा करते हुए ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ के निर्देशक ओनी सेन ने कहा, “शुरुआत से ही हमारा प्रयास था कि हम ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की कहानी को पूरी ईमानदारी, बड़े स्तर और भावनाओं की सच्चाई के साथ के सामने पेश करें। यह मिशन जितना ऐतिहासिक है, उतने ही प्रेरणादायक इसमें शामिल पायलट, अधिकारी और उनके परिवार भी हैं। उनका साहस, संघर्ष और बलिदान आज भी हमें प्रेरणा देता है। हम नेटफ्लिक्स के बेहद आभारी हैं कि उन्होंने शुरुआत से ही इस कहानी पर विश्वास किया और हमारे विजन को पूरा समर्थन और भरोसा दिया। वे हमारे लिए एक सच्चे रचनात्मक साझेदार रहे, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने में हमारा साथ दिया और हमें इस कहानी को उसकी वास्तविकता, महत्वाकांक्षा और भव्यता के साथ पेश करने की पूरी आजादी दी। मैं फील गुड फिल्म्स, मैचबॉक्स शॉट्स जैसे निर्माताओं, हमारे सभी कलाकारों और पूरी तकनीकी टीम का आभारी हूं। उनकी मेहनत, समर्पण और लगन से इन असली नायकों की कहानी को सच्चाई और भावनाओं के साथ पर्दे पर उतारा जा सका। हमें उम्मीद है कि यह सीरीज उन बहादुर जवानों के साहस और बलिदान के लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि साबित होगी और दुनियाभर के दर्शकों को उनकी प्रेरणादायक यात्रा से जोड़ने में सफल होगी।”
इस सीरीज के बारे में बात करते हुए भारतीय वायु सेना के पूर्व प्रमुख एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) बी. एस. धनोआ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने विचार साझा किए।[प्रेस कॉन्फ्रेंस में एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) बी. एस. धनोआ द्वारा दिया गया आधिकारिक बयान यहां शामिल किया जाएगा।]
आसमान में दिखाए गए साहस, युद्धभूमि पर दिए गए बलिदान और नामुमकिन लगने वाली चुनौतियों को पार करने वाली एक ऐतिहासिक मिशन की यह कहानी है। ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ सीरीज भारत के इतिहास के ऐसे अध्याय को दर्शकों के सामने लेकर आ रही है, जिसे इससे पहले इस तरह कभी प्रस्तुत नहीं किया गया।

By Business Bureau