नाज़ीराबाद अग्निकांड: राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने दी चेतावनी, कहा— ‘फायर ऑडिट अब अनिवार्य’  

नाज़ीराबाद में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने अपनी गहरी चिंता व्यक्त की है। शुक्रवार को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर कोलकाता में गांधी मूर्ति के पाददेश में श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने प्रशासन को सख्त संदेश दिया। इस अवसर पर उनके साथ राज्य के कृषि मंत्री शोभनदेव चटर्जी भी उपस्थित थे।राज्यपाल ने कहा कि “कोई भी दुर्घटना महज इत्तेफाक नहीं होती।”

उन्होंने प्रशासन की सतर्कता पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब प्रशासन को अधिक सक्रिय होना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर ‘फायर ऑडिट’ (अग्नि सुरक्षा जांच) करना अब अनिवार्य है, ताकि भविष्य में ऐसे जानलेवा हादसों को रोका जा सके।नाज़ीराबाद की घटना पर हो रही बयानबाजी के बीच राज्यपाल ने कहा, “यह समय एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का नहीं है। सभी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।” उन्होंने जोर देकर कहा कि संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और उचित समय पर उचित कदम उठाने होंगे।

राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि एक संवैधानिक प्रमुख के नाते वे स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा, “मैं संबंधित प्रशासन और विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित करूँगा।” जब पत्रकारों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घटनास्थल पर जाने को लेकर सवाल पूछा, तो राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने उस सवाल को कुशलता से टाल दिया और केवल प्रशासनिक सक्रियता पर अपनी बात केंद्रित रखी।

By Sonakshi Sarkar