नक्सलबाड़ी: चुनाव प्रचार के बीच चाय श्रमिकों के संग ‘सहभोज’, भाजपा प्रत्याशी आनंदमय बर्मन ने जीता दिल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आनंदमय बर्मन एक अलग अंदाज में प्रचार करते नजर आए। बुधवार को नक्सलबाड़ी इलाके में प्रचार के दौरान उन्होंने न केवल चाय श्रमिकों की समस्याएं सुनीं, बल्कि उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। चुनाव प्रचार के सिलसिले में आनंदमय बर्मन जब बेलगाछी चाय बागान पहुँचे, तो उन्होंने वहां के श्रमिकों के साथ काफी समय बिताया। उन्होंने बागान में काम करने वाले पुरुष और महिला श्रमिकों से सीधा संवाद किया और उनके दैनिक जीवन व कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।

इस प्रचार कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आनंदमय बर्मन का ‘सहभोज’ रहा। भाजपा प्रत्याशी ने बिना किसी तामझाम के चाय बागान के श्रमिकों के साथ जमीन पर बैठकर दोपहर का भोजन साझा किया। श्रमिकों के साथ एक ही थाली से जुड़े इस आत्मीय भाव ने स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।आनंदमय बर्मन के इस सहभोज कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा हो रही है। भाजपा नेतृत्व का दावा है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य चाय श्रमिकों को यह संदेश देना है कि भाजपा हमेशा उनके सुख-दुख में साथ खड़ी है।

जहाँ भाजपा इसे जनसंपर्क का हिस्सा बता रही है, वहीं विरोधी दल इसे चुनाव से पहले वोट बैंक साधने की कवायद करार दे रहे हैं। फिलहाल, आनंदमय बर्मन की इस पहल ने इलाके में चुनावी माहौल को और दिलचस्प बना दिया है।

By Sonakshi Sarkar