पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले दार्जिलिंग जिले के माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी (अजा) निर्वाचन क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में आज भाजपा उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने अपर बागडोगरा मंडल के सेंट्रल बस्ती इलाके में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। गुरुवार सुबह से ही आनंदमय बर्मन ने कार्यकर्ताओं के साथ सेंट्रल बस्ती के विभिन्न घरों का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं और क्षेत्र के विकास के वादों के साथ मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। ‘जय श्री राम’ के नारों के साथ भाजपा उम्मीदवार ने पूरे इलाके का पैदल भ्रमण किया।
उनके साथ मंडल स्तर के कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। ज्ञात हो कि 2026 विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल को इस सीट पर मतदान होना है। आनंदमय बर्मन, जो वर्तमान में विधायक भी हैं, अपनी जीत के प्रति आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता एक बार फिर विकास और सुशासन के नाम पर भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।
