हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामनवमी के पावन अवसर पर मालदा शहर के 25 नंबर वार्ड स्थित कुलीपाड़ा इलाके के श्रद्धालुओं द्वारा हरिनाम संकीर्तन और भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। शुक्रवार तड़के मालदा शहर के ऐतिहासिक रामकृष्ण मिशन महानंदा नदी घाट से इस रंगारंग धार्मिक शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।
इस शोभायात्रा में विशेष रूप से इंग्लिशबाजार विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी आशीष कुंडू और 25 नंबर वार्ड की तृणमूल पार्षद काकली कर्मकार शामिल हुईं। जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में श्रद्धालुओं ने भारी उत्साह और हर्षोल्लास के साथ पूरे शहर का भ्रमण किया और अंत में कुलीपाड़ा पहुँचकर यात्रा का समापन किया।शोभायात्रा में शामिल तृणमूल प्रत्याशी आशीष कुंडू ने इस अवसर पर कहा कि बंगाल की असली विरासत सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर और मिल-जुल कर चलने में है।
उन्होंने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज उन्होंने भगवान से राज्य की सुख-शांति और आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना की है।पूरे शहर में इस यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और स्थानीय प्रशासन ने सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए विशेष ध्यान दिया।
