भारतीय जीवन बीमा निगम ने घोषणा की है कि देश भर में उसकी शाखाएं ३१ मार्च, २०२६ को पॉलिसीधारकों को बीमा प्रीमियम जमा करने में सहायता के लिए खुली रहेंगी। हालांकि इस दिन ‘महावीर जयंती’ के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश है, लेकिन एलआईसी ने यह निर्णय ग्राहकों की सुविधा सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की बाधा से बचने के लिए लिया है। मंगलवार को सभी कार्यालय अपने आधिकारिक कार्य समय के अनुसार सामान्य रूप से कामकाज करेंगे।
एलआईसी द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह व्यवस्था भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण द्वारा २५ मार्च, २०२६ को दिए गए परामर्श के अनुरूप की गई है। यह कदम वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन पॉलिसीधारकों को समय पर भुगतान करने और उनकी पॉलिसियों को चालू रखने में मदद करने के लिए उठाया गया है। इस पहल से उन लाखों ग्राहकों को राहत मिलेगी जो अंतिम समय में अपना प्रीमियम व्यक्तिगत रूप से शाखा जाकर जमा करना चाहते हैं।
